महामंडलेश्वर स्वामी संतोष आनंद देव को मिलेगा‘आध्यात्म विभूषण’ सम्मान
- Admin Admin
- Jan 19, 2026
हरिद्वार, 19 जनवरी (हि.स.)। श्री अवधूत मंडल आश्रम, बाबा हीरादास हनुमान मंदिर ज्वालापुर के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी संतोष आनंद देव महाराज को काशी विद्वत परिषद की ओर से ‘आध्यात्म विभूषण’ सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें समाज सेवा, आध्यात्मिक चेतना के प्रसार एवं धार्मिक-सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया है।
संतोष आनंद देव के शिष्य ब्रह्मचारी ब्रह्मानंद एक जारी बयान में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह सम्मान समारोह 21 जनवरी को काशी में आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि महंत महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी संतोष आनंद देव महाराज के आध्यात्मिक मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में अवधूत मंडल आश्रम की ओर से धार्मिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। काशी विद्वत परिषद का मानना है कि संतोषानंद महाराज का जीवन त्याग, तपस्या एवं सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
डॉ संतोषानंद देव को आध्यात्म विभूषण से अलंकृत होने पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविन्द्र पुरी,योगगुरु बाबा रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, जयराम आश्रम के पीठाधीश्वर महंत ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी, सोनीपत से सासंद सतपाल ब्रह्मचारी, महंत ऋषिश्वरानंद, भारत युवा साधु समाज के अध्यक्ष स्वामी शिवानंद, बड़ा अखाड़ा उदासीन कारोबारी महंत गोविंद दास ने हार्दिक शुभकामनाएं एवं मंगलकामनाएं प्रेषित की हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला



