हरिद्वार, 17 मई (हि.स.)। धर्मनगरी हरिद्वार में बम विस्फोट की धमकी देने वाले को कोतवाली नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने डायल 112 पर कॉल कर आगामी चार दिनों के भीतर हरिद्वार में बम विस्फोट करने की धमकी दी थी।
सिटी कंट्रोल रूम हरिद्वार के डायल 112 पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। कॉलर ने फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए देश और राज्य के उच्च पदाधिकारियों के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं थीं।
कोतवाल कुंदन सिंह राणा के अनुसार रविवार को कोतवाली नगर हरिद्वार में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और मोबाइल ट्रेसिंग के जरिए आरोपित की पहचान सोहन सिंह रावत पुत्र मदन सिंह रावत निवासी ग्राम पाटा, थाना यमकेश्वर, जिला पौड़ी गढ़वाल के रूप में की। पुलिस ने आरोपित को हरिद्वार में रोडीबेलवाला क्षेत्र से हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने अत्यधिक शराब के नशे में यह धमकी भरा कॉल किया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। फिलहाल मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

