योग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता ‘हरित योग कार्यक्रम’

हरिद्वार, 08 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 की श्रृंखला के तहत बड़े हनुमान मंदिर, बैरागी कैंप में आयोजित ‘हरित योग कार्यक्रम’ में योग और प्रकृति संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। जब योगाभ्यास के साथ प्रतिभागियों ने एक-एक पौधे का रोपण भी किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. स्वास्तिक सुरेश ने की, जबकि आयुष मिशन विशेषज्ञ डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय मुख्य अतिथि रहे। डॉ. अश्वनी कौशिक, दुष्यंत कुमार एवं डॉ. विक्रम सिंह रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योगाभ्यास से हुआ, जिसमें प्रतिभागियों को योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। वक्ताओं ने योग को स्वस्थ जीवन और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी माध्यम बताते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। डॉ. स्वास्तिक सुरेश ने कहा कि “हरित योग” स्वस्थ समाज और स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। वहीं डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय ने “एक व्यक्ति–एक पौधा” का संकल्प लेने का संदेश दिया।

डॉ. रीना भटकोटी ने बताया कि जनपद में योग जागरूकता के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन में डॉ. विजेंद्र कुशवाहा, अदिति, दीपक, निकुंज, मुकेश गोड़ियाल, ललित मोहन, सुशील रावत, अजहर अली सहित विभागीय टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में सभी प्रतिभागियों ने “योग करें–प्रकृति बचाएं” और “एक व्यक्ति–एक पौधा” का संकल्प लिया।

   

सम्बंधित खबर