विधायक निधि से सड़क निर्माण में अनियमितता, तीन अधिकारियों को नोटिस

हरिद्वार, 07 जुलाई (हि.स.)। हरिद्वार जिले के लक्सर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दरगाहपुर में विधायक निधि से कराए गए सीसी सड़क निर्माण कार्य में वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की जांच में शिकायत सही पाए जाने पर तीन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार ग्राम दरगाहपुर निवासी कपिल कुमार की शिकायत पर कराई गई जांच में पाया गया कि स्वीकृत स्थल पर सड़क का निर्माण नहीं कराया गया, जबकि दूसरे स्थान पर कार्य किया गया। जांच के दौरान अभिलेखों में दोनों सड़कों की कुल लंबाई 205.50 मीटर दर्ज थी, जबकि मौके पर केवल 170 मीटर सड़क मिली। इस प्रकार 35.50 मीटर का अंतर सामने आया।

मुख्य विकास अधिकारी ने तत्कालीन प्रभारी खंड विकास अधिकारी पवन सिंह सैनी, तत्कालीन अपर सहायक अभियंता संदीप कुमार और तत्कालीन लेखाकार राजीव कुमार त्रिपाठी को कारण बताओ नोटिस जारी कर अभिलेखों सहित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर