आधी रात को हादसा, घर लौट रहे उद्योग कर्मी की मौत

ऊना, 19 मई (हि.स.)। हरोली विधानसभा क्षेत्र के तहत गांव गोंदपुर जयचंद में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 34 वर्षीय राज कुमार पुत्र सतपाल निवासी मेंहदवाणी, तहसील गढ़शंकर, जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार रात यूपी नंबर की एक कार और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में बाइक सवार राज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत मानवता का परिचय देते हुए घायल युवक को उपचार के लिए दुलैहड़ अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि राज कुमार एक केबल निर्माण उद्योग में कार्यरत था और ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गोंदपुर जयचंद के समीप यह हादसा पेश आया।

हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। एएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि सड़क हादसे में घायल युवक की मौत हो गई है। युवक के पोस्टमार्टम करने की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर