चिंतपूर्णी में नतमस्तक हुए भाजपा अध्यक्ष, बोले कांग्रेस सरकार पूरी तरह फैल
- Admin Admin
- Apr 09, 2025

ऊना, 09 अप्रैल (हि.स.)। धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी बुधवार को हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव विंदल ने माता के दरबार में पूजा अर्चना की। पत्रकारों से बातचीत करते हुए राजीव बिंदल ने कहा कि चिंतपूर्णी मंदिर में करीब एक सप्ताह पहले मंदिर न्यास द्वारा लगाई गई एलइडी में अन्य धर्म का प्रचार डेढ़ घंटे तक चलता रहा, लेकिन जिला प्रशासन और सरकार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। अब कुछ दिन पहले मंदिर परिसर के अंदर अलमारी में अन्य धर्म की प्रचार की किताबें मिलना भी बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म को बदनाम करने के लिए जिसने भी यह हरकत की है उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी आग्रह किया है कि इस प्रकार की हरकत जो चिंतपूर्णी मंदिर में हुई है इसकी उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए। उन्होंने कहा कि चिंतपूर्णी मंदिर में लाखों रुपया खर्च करके सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जो इस हरकत के लिए नाकाफी सिद्ध हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चिंतपूर्णी मंदिर के विस्तारीकरण के लिए 58 करोड़ रूपया स्वीकृत किया है। इससे पहले भी केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश में सड़कों के निर्माण के लिए करोड़ों रुपए की राशि स्वीकृत कर चुकी है। केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश में विकास के लिए हर संभव सहायता कर रही है। हिमाचल प्रदेश की वित्तीय संकट पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आज ढाई साल बीत जाने के बाद भी हिमाचल प्रदेश में कर्मचारियों को तनख्वाह नहीं मिल रही। ठेकेदारों को उनके द्वारा किए गए कार्यों के पैसे नहीं मिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल