ऊना में ब्रेड से भरी गाड़ी चोरी

ऊना, 02 जुलाई (हि.स.)। ऊना जिला में चोरों के हौंसले बुलंद हो गए हैं या फिर यूं कहें कि पुलिस और प्रशासन का इनको कोई डर नहीं रहा। पिछले कल बुधवार को जहां दो भैंसें चोरी होने की घटना सामने आई थी तो वहीं आज गुरुवार को अजनोली क्षेत्र से ब्रेड से लदी एक पिकअप चोरी हो गई। बताया जा रहा है कि चोर वाहन को लेकर फरार हो गए, लेकिन भागने के दौरान थानाकलां के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार के कारण पिकअप सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।

हादसे के बाद आरोपी पिकअप को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में वाहन चोरी होने की पुष्टि हुई है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। वहीं इस संबंध में एएसपी संजीव भाटिया ने कहा कि पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर