ऊना में कांग्रेस का रोष, केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
- Admin Admin
- Apr 17, 2025

ऊना, 17 अप्रैल (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय द्वारा कांग्रेस नेता सोनिया गांधी व राहुल गांधी के खिलाफ नेशनल हेराल्ड मामले में दायर की गई चार्जशीट के विरोध में जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ऊना मुख्यालय पर जोरदार रोष प्रदर्शन किया। रोष प्रदर्शन की अगुवाई उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने की। कांग्र्रेस कार्यकर्ताओं ने एमसी पार्क ऊना में धरना प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इसके उपरांत एमसी पार्क से लेकर रोटरी चौक तक रोष रैली निकाली।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि केंद्र सरकार लागातर लोकतंत्र की हत्या कर रही है। विपक्ष को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। गांधी परिवार ने हमेशा देश हित में आवाज बुलंद की है, जिनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। केंद्र सरकार ईडी व सीबीआई को राजनीतिक हथियार बना रहे है। जांच एजेंसियों का दुरुप्रयोग कर विपक्ष के नेताओं को बदनाम करने का काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ऐसी कार्रवाई कर जनता का मुददों से ध्यान भटकाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार के खिलाफ की गई कार्रवाई निंदनीय है।
उपमुख्यमंंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता निडर है। केंद्र सरकार के षडय़ंत्रों से डरने वाले नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र सरकार ने सरकारी तंत्र का दुरुप्रयोग बंद नहीं किया और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ झूठे मुकदमे बनाने का काम जारी रहा तो कांग्रेस कार्यकर्ता आगामी दिनों में जोरदार प्रदर्शन करने के लिए विवश होंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों से आज देश में महंगाई उच्चतम स्तर पर पहुंच चुकी है। देश की जनता का महंगाई से बुरा हाल हो रहा है। बेरोजगार सडक़ों पर भटक रहा है। केंद्र सरकार ऐसे मुददों से जनता का ध्यान भटकाकर विपक्षों दलों को टारगेट करने में लगी हुई है।
रोष प्रदर्शन में गगरेट के विधायक राकेश कालिया, चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू, कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, ऊना सदर से पूर्व विधायक सतपाल रायजादा सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल