यमुनानगर: बेकाबू स्कॉर्पियो नहर में गिरी, कोई जानी नुकसान नहीं
- Admin Admin
- Jun 08, 2025

यमुनानगर, 8 जून (हि.स.)। यमुनानगर में दादूपुर हेड के संकरे पुल पर बेकाबू होकर रेलिंग तोड़ते हुए एक स्कॉर्पियो गाड़ी यमुना नहर में गिर गई। गनीमत यह रही की गाड़ी नहर में गिरने से पहले ग्रिल पर अटक गई। जिस पर चालक ने तेजी से बाहर कूदकर अपनी जान बचा ली। गोताखोरों व क्रेन की मदद से स्कॉर्पियो गाड़ी को बाहर निकाला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार देर रात डेढ़ बजे के करीब बेगमपुर के सरपंच पंकज का ड्राइवर दादूपुर हेड के इस संकरे पुल से गुजर रहा था तभी अचानक से उसकी गाड़ी के सामने एक गाय आ गई। जिसको बचाने की कोशिश में स्कॉर्पियो गाड़ी पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए यमुना नहर में गिर गई। गनीमत यह रही की गाड़ी नहर में गिरते समय जब रेलिंग पर अटकी तो उसी समय चालक ने बिना देरी किए गाड़ी का दरवाजा खोलकर बाहर छलांग लगा दी और अपने आप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और गाड़ी नहर में गिर गई।
रविवार को गोताखोर राजीव ने बताया कि सूचना मिलने पर वह अपनी टीम के साथ यहां पहुंचे और जेसीबी क्रेन की सहायता से स्कॉर्पियो गाड़ी को बाहर निकाल लिया गया है। हादसे में किसी की जान नहीं गई।
हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग