विकसित भारत की तर्ज पर 2047 तक बनेगा विकसित छत्तीसगढ़ : वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी

विकसित भारत की तर्ज पर 2047 तक बनेगा विकसित छत्तीसगढ़ : वित्त मंत्री श्री ओ. पी. चौधरी

कोरबा, 1 अगस्त (हि.स.)। विकसित भारत की तर्ज पर हम सबको 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाना है, इसका विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जा रहा है। यह व‍िचार छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने गुरूवार को कोरबा में केंद्रीय बजट 2024-25 विषय पर आयोजित प्रबुद्ध जनसंवाद में व्यक्त किए।

उन्होंने केंद्रीय बजट 2024-25 पर संवाद करते हुए कहा कि, आज दुनिया में भारत 28-29 वर्ष की औसत आयु से सबसे युवा देश है। इस युवा शक्ति को ध्यान में रखकर विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा गया है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेक इन इण्डिया की थीम को प्रोत्साहित किया है।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश रेल मार्ग, वायु मार्ग से संपर्क है तथा देश के केंद्र में है और औद्योगिक अनुकुल वातावरण यहां उपलब्ध है। इस दृष्टि से प्रदेश में रोजगार एवं औद्योगिक गतिविधियों को भविष्य में और भी बल मिलेगा, जिसका लाभ प्रदेशवासियों को मिलेगा। वर्तमान समय में प्रासंगिक इलेक्ट्रिक व्हीकल में लीथियम की उपयोगिता महत्वपूर्ण है, जिसका बड़ा भण्डार कटघोरा में मिला है। देश एवं प्रदेश में आधारभूत अधोसंरचना के निर्माण, विभिन्न क्षेत्रों में कृषि, आवागमन की सुविधाओं का विस्तार तेज गति से किया जा रहा है, जिसके आधार पर हम सब विकसित भारत की तर्ज पर 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाएंगे।

राज्य की स्थापना दिवस 1 नवंबर 2024 को विकसित छत्तीसगढ़ का विजन डॉक्यूमेंट जनता को समर्पित किया जाएगा। केंद्रीय बजट 2024-25 विषय पर आयोजित प्रबुद्ध जनसंवाद में चार्टर अकाउंटेंट, अधिवक्तागण, चिकित्सकगण, शिक्षक एवं आचार्य, पत्रकार, बैंकर्स सहित विभिन्न वर्गों के प्रबुद्धजीवी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी / गायत्री प्रसाद धीवर

   

सम्बंधित खबर