कांग्रेस देश में आपातकाल की स्थिति लाना चाहती है : गिरिराज सिंह

प्रयागराज, 13 सितम्बर (हि.स.)। शुक्रवार को प्रयागराज पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने नैनी के महेवा में आयोजित मूंज शिल्पग्राम मेले का शुभारम्भ किया। इस दौरान पत्रकारों के समक्ष उन्होंने राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। कहा कि कांग्रेस देश में आपातकाल की स्थिति लाना चाहती है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि विपक्ष के नेता विदेश में जाकर भारत की छवि खराब करने का पूरा प्रयास कर रहे हैं। देश की गरिमा को गिराने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि अगर 20 सीटें उनके पास और होतीं तो वह भाजपा को जेल में डाल देते।

गिरिराज सिंह ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में हिन्दुओं ने एकजुटता दिखाई। जिसके चलते वक्फ बोर्ड को झुकना पड़ा और अवैध रूप से बनी मस्जिद को गिरना पड़ा। उन्होंने कहा कि इसी एकजुटता की इस समय देश को आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है विपक्ष का नेता विदेश में जाकर यहां की झूठी आलोचना कर रहे हैं। देश की जनता सब जान चुकी है। जिसका खामियाजा विपक्ष को भुगतना पड़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

   

सम्बंधित खबर