कारपोरेट भारत छोड़ो नारे के साथ संयुक्त किसान मोर्चा नौ अगस्त को निकालेगा ट्रैक्टर मार्च

आगरा, 08 अगस्त (हि.स.)। विगत दिनों दिल्ली में आयोजित संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक में तय कार्यक्रमों के क्रम में नौ अगस्त को संयुक्त किसान मोर्चा के तत्वावधान में आगरा मंडल के सभी जनपदों में कारपोरेट भारत छोड़ो नारे के साथ ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा। इस मार्च के जरिए किसान अपना विरोध व्यक्त करेंगे। पिछले वर्षों से किसान संगठन एमएसपी कानून लागू किए जाने को लेकर आंदोलनरत रहे हैं।

ट्रैक्टर मार्च के माध्यम से किसान अपनी मांगों को प्रदर्शित करना चाहते हैं। इसके साथ-साथ इस प्रदर्शन में स्थानीय मांगें जैसे खाद, पानी, बीज, विद्युत सप्लाई, आगरा में टोरेंट विद्युत कंपनी की कथित मनमानी, अधिग्रहित जमीन का सम्मानजनक मुआवजा, चकबंदी में पारदर्शिता, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करना जैसी अन्य समस्याएं को भी सम्मिलित रखना बताया गया है।

भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के मंडल अध्यक्ष रणवीर सिंह चाहर ने बताया कि आगरा मंडल के सभी जनपदों में ट्रैक्टर मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंच कर ज्ञापन दिया जाएगा। आगरा में संगठन के अध्यक्ष राजवीर सिंह लवानिया के नेतृत्व में किसान रमांडा होटल मोड पर सुबह 10 बजे एकत्रित होंगे और वहां से ट्रैक्टरों के साथ मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट आगरा पहुंचेंगे।

आगरा में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल शर्मा के भी सम्मिलित होने की बात कही जा रही है। मथुरा में यह कार्यक्रम संगठन के जिला अध्यक्ष धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा ट्रैक्टर मार्च मथुरा कैंट स्थित बिजली घर से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट तक निकाला जाएगा।

आगरा मंडल के फिरोजाबाद जनपद में ट्रैक्टर मार्च का आयोजन जिला अध्यक्ष प्रेम अतुल यादव की देख—रेख में मोती नगर से प्रारंभ होकर दबरई स्थित जिला मुख्यालय तक किया जाएगा। संगठन के ही तत्वावधान में मैनपुरी में भी ट्रैक्टर मार्च रूपेंद्र शाक्य संगठन के जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में करहल चौराहे से कलेक्ट्रेट तक निकल कर अपनी मांगों पर ध्यान आकर्षित कराया जाएगा। कार्यक्रम के बाद ज्ञापन देने की बात भी कहीं जा रही है।

संयुक्त किसान मोर्चा के घटक दलों में से एक उत्तर प्रदेश किसान सभा भी अपना विरोध प्रदर्शन आयोजित करेगी। किसान संगठन द्वारा किसानों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की गई है। प्रस्तावित ट्रैक्टर मार्च के आयोजन को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा समुचित पुलिस व्यवस्थाएं की गई हैं। हालांकि किसान संगठन द्वारा अपने ट्रैक्टर मार्च के दौरान रोड जाम आदि करने के लिए मना किया जा रहा है, लेकिन किसानों की एकत्रित संख्या को मद्देनजर जिला प्रशासन किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। किसान संगठन द्वारा तय किए गए ट्रैक्टर मार्च रूट पर पर्याप्त पुलिस व्यवस्थाएं की जा रही है।

संगठन के जिला अध्यक्ष आगरा राजवीर लवानिया का कहना है कि किसानों को बड़ी संख्या में ट्रैक्टर मार्च में सम्मिलित होने के लिए आवाहन किया गया है। काफी दिनों से जनसंपर्क भी किया जा रहा है, इसलिए किसान बड़ी संख्या में अपने ट्रैक्टरों के साथ पहुंचेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा / बृजनंदन यादव

   

सम्बंधित खबर