सेवानिवृत्त दरोगा के बंद घर में चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, तीन फरार

कानपुर, 03 जनवरी (हि.स.)। बर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत बीती 19 दिसंबर को सेवानिवृत्त दरोगा के बंद पड़े घर से चोरी करने वाले दो शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दरोगा की पत्नी दामाद की मौत पर शहर से बाहर गई हुई थी। बंद मकान देखकर पड़ोस में रहने वाले ऑटो चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। अभी भी तीन चोर पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर घटना का खुलासा करते हुए बताया कि जरौली फेस वन में रहने वाली सरला के पति दिनेश दरोगा के पद से सेवानिवृत्त हो चुके थे। कुछ साल पहले उनकी मौत भी हो चुकी थी। उनकी तीन बेटियां हैं जिनकी शादी हो चुकी है। लंबी बीमारी के चलते उनके दामाद की मौत हो गई थी। जिस वजह से वह अपनी बेटी के घर गई थीं।

वहीं शुक्रवार को जब वह घर वापस लौटी तो उन्होंने देखा की गृहस्थी का सारा सामान बिखरा पड़ा था। जबकि घर में रखी ज्वेलरी और नकदी गायब थी। उन्होंने इस घटना की सूचना पुलिस को देते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि चोरों ने नकदी और ज्वेलरी समेत सात लाख रुपये का माल पार किया गया है।

पुलिस ने मामले को गम्भीरता से लेते हुए घर के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला पाया कि पड़ोस में रहने वाला ऑटो चालक करन झा उनके घर की रेकी करता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद उसने अपने अन्य साथियों राज सक्सेना,विष्णु दुबे, जय वर्मा और विशाल के साथ मिलकर महिला के घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया था।

पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर राज सक्सेना और विष्णु दुबे को फत्तेपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपितों के पास से 37,7,60 नकदी समेत करीब पांच लाख रुपये की ज्वेलरी बरामद हुई है। इसके अलावा उनके तीन साथी जय शर्मा, करन झा और विशाल अब भी फरार है। जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

   

सम्बंधित खबर