सपा के सदस्यों का विधानसभा में हंगामा, दो बजे तक सदन की कार्यवाही स्थगित
- Admin Admin
- Feb 24, 2025

लखनऊ, 24 फरवरी (हि. स.)। यूपी विधानसभा की कार्यवाही के दौरान सदन में सपा का हंगामा। प्रश्नकाल के दौरान सपा के सदस्य समरपाल के प्रश्न का उत्तर दे रहे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से असहमत होकर सपा के सदस्य वेल में पहुंचे गए।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सवाल का जवाब देते वक्त कहा कि अपने नेता जी की बात मानते हो जिन्होंने कहा था कि लड़के हैं, लड़कों से गलती हो जाती है। इसके बाद सपा के सदस्य वेल में आ गए। स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। इस पर अध्यक्ष ने कहा कि सदन में यह नहीं चलने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सपा के सदस्य बताएं कि उन्होंने क्या आपत्तिजनक कह दिया है, आपत्तिजनक होगा तो उसे निकाल दिया जाएगा। वेल में नारेबाजी करते सभी सद्स्यों को सदन से बाहर जाने का निर्देश दिया। इसके बाद सपा के सदस्य वेल में ही बैठ गए।
संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना उठ कर खड़े हुए। उन्होंने पीठ से सदन की कार्यवाही कुछ देर के लिए स्थगित करने का आग्रह किया। इस पर विधानसभा अध्यक्ष महाना ने कहा कि नहीं, विधानसभा को हाई जैक नहीं करने दिया जाएगा। वेल में सपा के सदस्य धरने पर बैठे हैं। उनकी नारेबाजी जारी है।
महाना ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा हो रही थी। चार दिनों से स्वस्थ चर्चा हो रही थी। लगातार आपसे बोलने के लिए आग्रह किया जा रहा है लेकिन आप बोलना नहीं चाह रहे हैं, इसलिए सदन दो बजे तक के लिए स्थगित किया जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला