(अपडेट) हिमस्खलन में फंसे चार मृतकों की शिनाख्त, पांच लापता
- Admin Admin
- Mar 01, 2025

देहरादून, 1 मार्च (हि.स.)। चमोली जिले के बदरीनाथ धाम से 06 किमी. दूर माणा हिमस्खलन रेस्क्यू अभियान में चारों मृतकों की पहचान कर ली गई है। राज्य आपदा परिचालन केंद्र ने जारी बुलेटिन में बताया कि मृतकों में हिमाचल के दो, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड का एक-एक श्रमिक शामिल है। हिमस्खलन में फंसे पांच श्रमिकों की तलाश जारी है।
शनिवार सुबह रेस्क्यू अभियान आरंभ किया गया। सेना के खोज एवं बचाव दल ने दोपहर तक 55 श्रमिकों में से 50 का रेस्क्यू कर लिया था। देर शाम राज्य आपदा परिचालन केंद्र ने चार मृतकों के नाम जारी किए हैं। मृतकों में हिमाचल प्रदेश के मोहिन्द्र पाल व जितेंद्र सिंह, उत्तर प्रदेश के मंजीत यादव व उत्तराखंड के आलोक यादव शामिल हैं जबकि हिमाचल प्रदेश के सुनील कुमार व हरमेश चंद, अशोक उत्तर प्रदेश, अनिल कुमार व अरविंद सिंह उत्तराखंड अभी भी लापता हैं।
बारिश एवं बर्फबारी के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधा उत्पन्न हुई। घटनास्थल के आसपास 7 फीट तक बर्फ जमी हुई है। आपदा परिचालन केंद्र के बुलेटिन में बताया गया कि 24 श्रमिकों को ज्योर्तिमठ लाया गया है। इसके अलावा घटनास्थल पर सौ से अधिक रेस्क्यू कर्मी खोज एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रेस्क्यू अभियान पर नजर बनाए हुए हैं और इसकी जानकारी पीएमओ को भी दे रहे हैं।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pokhriyal