आजादी और सुरक्षा के लिए दिया गया सर्वाेच्च बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता: राज्यपाल

-नया उत्तराखण्ड भी मजबूत इरादों से निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है - राज्यपाल

देहरादून, 14 अगस्त (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने स्वतंत्रता संग्राम के ज्ञात व अज्ञात वीर सेनानियों को याद करते हुए कहा कि देश की आजादी और सुरक्षा के लिए दिए गए सर्वाेच्च बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। स्वतंत्रता दिवस हमारे अतीत के गौरव की अनुभूति कराने के साथ ही अपने इतिहास से पुनः जुड़ने का और सुगम भविष्य की राह बनाने के बारे में चिंतन का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि देश की विकास यात्रा के साथ ही नया उत्तराखंड भी मजबूत इरादों से निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने बुधवार को जारी अपने संदेश में देश और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी। राज्यपाल ने कहा कि 21वीं सदी का नया भारत संभावनाओं और सामर्थ्य से भरा हुआ है जो सतत विकास के पथ पर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से विकास करते हुए देश ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिष्ठा को बढ़ाया है। हमने स्वतंत्रता के 100 वर्षों अर्थात 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का संकल्प लिया है, आने वाले अमृतकाल के इन 23 वर्षों में इस लक्ष्य को प्राप्त करने में सभी वर्गों का सहयोग जरूरी है।

राज्यपाल ने कहा कि भारत ने आजादी के इन 77 वर्षों में सभी चुनौतियों का सामना मजबूती से किया है, और भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। देश की विकास यात्रा के साथ ही नया उत्तराखण्ड भी मजबूत इरादों से निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। हमारा प्रदेश आज देश में तेजी से विकास करने वाले राज्यों में से एक है। आर्थिक वृद्धि दर और विकास के कई सूचकांकों में सुधार कर उत्तराखण्ड ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

राज्यपाल ने कहा की प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए युवा, किसान, मातृशक्ति और उद्यमियों की बड़ी भूमिका रहेगी। प्रदेश के सतत विकास और पलायन को रोकने के लिए कृषि, जैविक खेती, औद्यानिकी, वेलनेस पर्यटन, नवाचार, शोध और नई तकनीक पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इन सभी क्षेत्रों के विकास पर फोकस कर हम प्रधानमंत्री के कथन के अनुरूप 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने के पथ पर तीव्र गति से अग्रसर हैं।

राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया है कि वे देश और प्रदेश की प्रगति व विकास के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें और यही प्रयास आजादी के महानायकों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

एआई और टेक्नोलॉजी में अनंत संभावनाएं, अधिकाधिक उपयोग जरूरी

राज्यपाल ने कहा कि टेक्नोलॉजी, एआई, स्पेस, साइबर, क्वांटम, रोबोटिक्स साइंस में अनंत संभावनाएं हैं। इन क्षेत्रों में अपनी पहुंच को और मजबूत करने के प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद भी हमारी मातृशक्ति, प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। हमें राज्य में संतुलित विकास और राष्ट्र निर्माण के लिए महिलाओं और युवाओं की क्षमता कौशल वृद्धि पर विशेष फोकस करना होगा।

राजभवन में नौ बजे किया जाएगा ध्वजारोहण

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) की ओर से स्वतंत्रता दिवस के मौक़े पर राजभवन में प्रातः नौ बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार / वीरेन्द्र सिंह

   

सम्बंधित खबर