पुलिस चौकी के पास मिला सब्जी विक्रेता का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
- DSS Admin
- Jun 02, 2026
गाजियाबाद, 02 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के मोदीनगर स्थित जगतपुरी कॉलोनी निवासी सब्जी विक्रेता मंगू का शव मंगलवार को पुलिस चौकी के पास लावारिश अवस्था में मिला है। मंगू सोमवार को अपनी बहन के घर जाने की बात कहकर निकला था। परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि मंगलवार को पुलिस चौकी के समीप एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। जानकारी के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन की। मृतक की जेब से एक मोबाइल बरामद हुआ। मृतक की शिनाख्त जगतपुरी कॉलोनी निवासी 35 वर्षीय मंगू पुत्र रणवीर सिंह के रूप में हुई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की शिनाख्त मंगू के रूप में की।
रणवीर सिंह ने बताया कि मंगू फेरी लगाकर सब्जी बेचता था। मंगू सोमवार सुबह अपनी बहन के यहां जाने की बात कहकर घर से निकला था, मगर वहां नहीं पहुंचा। मंगू का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ हो गया था। परिजनों के अनुसार मंगू के शरीर पर चोट के निशान हैं। उन्होंने मंगू की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया। मंगू विवाहित था और उसकी दो पुत्रियां हैं। मंगू परिवार में अकेला कमाने वाला था। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
---------------

