मालवाहक गाड़ियों के संचालन और अवैध मिट्टी कटाई का ग्रामीणों ने किया विरोध

भागलपुर, 08 जुलाई (हि.स.)।

जिले के सबौर प्रखंड अंतर्गत रजंदीपुर पंचायत के बाबूपुर गांव के ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी को आवेदन देकर बाबूपुर गंगा घाट से जहाज के माध्यम से मालवाहक गाड़ियों के संचालन पर रोक लगाने और गंगा किनारे हो रही कथित अवैध मिट्टी कटाई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि बाबूपुर घनी आबादी वाला इलाका है और घाट तक जाने वाली सड़क काफी संकरी है। ऐसे में भारी मालवाहक वाहनों के आने-जाने से सड़क अक्सर जाम हो जाती है। जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यही सड़क स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं के लिए भी एकमात्र रास्ता है।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि गांव गंगा कटाव से प्रभावित है और आबादी से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर गंगा नदी रह गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि गंगा किनारे से मिट्टी की अवैध कटाई कर उसे दूसरे स्थानों पर बेचा जा रहा है। जिससे कटाव का खतरा और बढ़ सकता है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बाबूपुर घाट से मालवाहक वाहनों का संचालन तत्काल बंद कराया जाए तथा अवैध मिट्टी कटाई में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। अब इस मामले में प्रशासन क्या कदम उठाता है इस पर ग्रामीणों की नजर बनी हुई है।

---------------

   

सम्बंधित खबर