वाराणसी में पिस्टल दिखाकर सीएससी संचालक से लूट का प्रयास, भीड़ ने बदमाश काे पकड़ा
- DSS Admin
- May 10, 2026
वाराणसी, 10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में शनिवार की रात को लूट के इरादे से पिस्टल लेकर जनसेवा केंद्र (सीएससी) में घुसे बदमाश को संचालक और स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। संचालक ने उसे पुलिस के सुपुर्द कर संबंधित थाना में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई।
बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने रविवार काे बताया कि काजी सराय में रहने वाले जावेद अली मकान में ही जनसेवा केंद्र का संचालन करते हैं। शनिवार की रात एक बाइक पर युवक केंद्र पर पहुंचा और कहा कि उसे कुछ पैसे निकालने हैं। इस पर जावेद ने कहा कि अब वो सुबह आए केंद्र बंद कर चुका है। इस दौरान युवक ने मौका पाकर जावेद पर तमंचा तान दिया और सारे रुपये उसे देने की धमकी दी। इस दौरान संचालक की सूझबूझ से स्थानीय लोगों की मदद लेकर बदमाश को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाश को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की।
थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपित भरतपुर गांव का रहने वाला गौतम पटेल है। उसके पास से तमंचा और घटना में इस्तेमाल की जा रही बाइक बरामद हुई है। पुलिस उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
---------------

