समाजवादी पार्टी के सांसद के विरुद्ध महिला मोर्चा का विरोध-प्रदर्शन
- DSS Admin
- May 14, 2026
वाराणसी, 14 मई (हि. स.)। हमीरपुर महोबा संसदीय क्षेत्र के समाजवादी पार्टी के सांसद द्वारा देश के प्रधानमंत्री मोदी के विरुद्ध की गई अभद्र एवं अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष कुसुम पटेल एवं जिला अध्यक्ष विनीता सिंह के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर एक विशाल विरोध-प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान भारतीय जनता पार्टी की सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर सपा सांसद के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता निर्मला सिंह पटेल ने कहा कि समाजवादी पार्टी के सांसद ने अपनी संवैधानिक गरिमा और पद की मर्यादा को ताक पर रखकर, जिस प्रकार की अमर्यादित शब्दावली का प्रयोग किया है, उससे देश की संपूर्ण नारी शक्ति और जनता में भारी रोष है। लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, परंतु देश के प्रधानमंत्री के प्रति ऐसी ओछी भाषा किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती।
प्रदर्शन के दौरान उपस्थित महिलाओं ने अपने हाथों में पोस्टर, तख्तियां और बैनर ले रखे थे, जिस पर लिखा हुआ था- प्रधानमंत्री का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान, सपा सांसद माफी मांगो, और अखिलेश यादव शर्म करो। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और सांसद के खिलाफ गगनभेदी नारेबाजी करते हुए अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
इस आक्रोश और प्रदर्शन कार्यक्रम में मुख्य रूप से गीता शास्त्री, साधना पाण्डेय, विभव सिंह, रीना पात्रों, सबा परवीन, सुरेखा सिंह, नरगिस, मुमताज बानो, रेखा सोनी, सारिका सेठ , मंजू सिंह ,आरती पाठक, साधना सिंह ,चंद्रकला विश्वकर्मा, ममता राय, उषा सिंह, लक्ष्मी सिंह सहित महिला मोर्चा की भारी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहीं।
---------------

