एक ही दिन में रिकॉर्ड 22 बार ट्रिप हुई बिजली, वितरण प्रणाली में खामियां सुधारे महावितरण
- DSS Admin
- Jun 29, 2026
-वसई की विधायक ने महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र में उठाया बिजली संकट का मुद्दा
मुंबई, 29 जून, (हि. स.)। वसई की विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र में वसई तालुका के गंभीर बिजली संकट का मुद्दा उठाकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। मानसून शुरू होते ही वसई तालुका में बार-बार बिजली गुल होना, दिन में कई बार बिजली ट्रिप होना, ट्रांसफार्मर फटना और उनमें आग लगने की घटनाएं लगातार हो रही हैं, जिसे उन्होंने सदन के संज्ञान में लाया।स्नेहा दुबे पंडित ने बताया कि पिछले दो दिनों में खोपवाडी, माणिकपुर, साईनगर, पाचूबंदर आदि क्षेत्रों में तीन से चार ट्रांसफार्मर ब्लास्ट की घटनाएं हुई हैं। इन हादसों में महावितरण के कर्मचारी और आम नागरिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। विशेष रूप से पोमण औद्योगिक क्षेत्र में एक ही दिन में रिकॉर्ड 22 बार बिजली ट्रिप होने के कारण कई छोटे और मध्यम उद्योगों का उत्पादन ठप हो गया है। इससे व्यापारियों, उद्यमियों और आम नागरिकों को भारी आर्थिक व मानसिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने महावितरण की बिजली वितरण प्रणाली में गंभीर खामियों के कारण यह स्थिति पैदा होने का आरोप लगाया।विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने मानसून से पहले आवश्यक रखरखाव, पुरानी बिजली लाइनों की मरम्मत, ओवरलोडेड ट्रांसफार्मर को बदलने और सुरक्षात्मक उपायों को लागू करने में बरती गई लापरवाही की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। इस अवसर पर उन्होंने सरकार से वसई तालुका की बिजली वितरण प्रणाली को युद्ध स्तर पर मजबूत करने, पुराने व ओवरलोडेड ट्रांसफार्मर और बिजली की तारों को तुरंत बदलने, स्थायी समाधान के लिए आवश्यक फंड उपलब्ध कराने और रखरखाव के कामों पर कड़ा नियंत्रण रखने के लिए जवाबदेही तय करने वाली एक सक्षम प्रणाली बनाने की मांग की। साथ ही बिना रुकावट के बिजली आपूर्ति तुरंत सुनिश्चित करने के लिए जल्द से जल्द ठोस कदम उठाए जाने की मांग की।

