वेदों की आज्ञा का पालन व वैदिक सिद्धांतों पर जीवन यापन करना ही धर्म : अमृता आर्या
- Admin Admin
- Sep 14, 2025
मुरादाबाद, 14 सितम्बर (हि.स.)। वेद प्रचार मंडल मुरादाबाद के 30 वें वार्षिकोत्सव के द्वितीय दिवस पर रविवार को गुलजारीमल धर्मशाला में सामवेद परायण यज्ञ, मधुर भक्ति संगीत एवं वैदिक प्रवचनों का आयोजन किया गया। आर्य जगत की अंतरराष्ट्रीय भजनोपदेशिका दिल्ली से पधारी अमृता आर्या ने ईश्वर भक्ति के भजनों से भक्तिमय वातावरण बना दिया। भजनों के माध्यम से बताया कि वेदों की आज्ञा का पालन, वैदिक सिद्धान्तों पर जीवन यापन करना ही धर्म है।
आज सर्वप्रथम कार्यक्रम का शुभारम्भ वेदमन्त्रों से वैदिक वातावरण में सामवेद पारायण यज्ञ करके किया गया। यज्ञ के मुख्य यजमान डॉ अभय सोती,क्षमीरा सोती, कृष्णानू नंदन, श्रुति नंदन निर्मल आर्य, प्रीता आर्या, मथुरा प्रसाद, गायत्री आर्या, संजय अरोरा, अनीता अरोरा, अक्षय सोती, अंजलि सोती रहें।
तत्पश्चात राजस्थान से पधारे आर्य जगत के उच्च कोटि के अंतरराष्ट्रीय वैदिक प्रवक्ता आचार्य सोमदेव शास्त्री ने वैदिक प्रवचन करते हुए बताया कि यजुर्वेद में कहा गया है कि अधिक प्रसन्नता की स्थिति में,अधिक खिन्नता की स्थिति में तथा अधिक क्रोध की स्थिति में लिए गए निर्णय सदैव गलत होते हैं तथा अहितकारी होते हैं। इसलिए सदैव अपने जीवन में निर्णय बहुत सोच समझकर और बुद्धिमानी से लेने चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ अभय सोती ने की तथा आशीर्वाद ज्ञानेंद्र गांधी ने दिया। संचालन वेद प्रचार मंडल के प्रधान अरविंद आर्यबंधु ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल



