राजनीतिक स्वार्थ के लिए बांटा गया अपना महान देश : शकुंतला चौहान

कुशीनगर, 14 अगस्त (हि.स.)। जब पूरी दुनिया को 'वसुधैव कुटुंबकम' और 'सर्वे भवंतु सुखिनः' का संदेश देने वाले हमारे महान राष्ट्र को राजनीतिक स्वार्थ के लिए बांट दिया गया था। इस दौरान लोगों ने अत्यंत अमानवीय यातनाएं सही, पलायन के निर्दय कष्ट उठाए, अपने परिश्रम से कण-कण जोड़कर बनाए घर-द्वार, संपत्ति से वंचित हो गए, असंख्य लोगों ने जीवन खो दिया। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस उसकी याद दिलाता है।

वर्ष 1947 में विभाजन के कारण मानव जाति के इतिहास में सबसे विनाशकारी विस्थापनों में से एक देखा गया। बंटवारे के दौरान भड़के दंगे और हिंसा में लाखों लोगों की जान चली गई। यह विचलित करनेवाली घटना थी, ऐसी भीषण त्रासदी थी। पंडित जवाहरलाल नेहरू की कांग्रेसी सरकार द्वारा विभाजन स्वीकार करना एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। भारत विभाजन के परिणामस्वरूप 6 लाख लोग मारे गए, 1.5 करोड़ लोग बेघर हुए। 1 लाख महिलाओं के साथ अनाचार हुआ। यह विभाजन मानव इतिहास में सबसे बड़े विस्थापनों में से एक है, जिससे लाखों परिवारों को अपने पैतृक गांवों एवं शहरों को छोड़ना पड़ा और शरणार्थी के रूप में एक नया जीवन जीने के लिए मजबूर होना पड़ा।

यह बात भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मंत्री और जिला प्रभारी शकुंतला चौहान ने बुधवार को पडरौना के एक विद्यालय में भाजपा द्वारा आयोजित विभाजन विभिषिका स्मृति दिवस गोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरु ने मात्र प्रधानमंत्री की कुर्सी पाने के लिए न केवल देश के टुकड़े करवाए बल्कि लाखों लोगों के खून से भारत भूमि को नहला दिया। घृणा का जो बीज उस समय बोया गया उन्हें पूर्णतया नष्ट करने के लिए आने वाली कई पीढ़ियों को मिलकर प्रयास करना होगा। अंग्रेजों ने सदैव फूट डालो और राज करो की नीति अपनाई थी जिसका अनुसरण कांग्रेस पार्टी में रहते हुए उनके मानसपुत्र आज भी कर रहे हैं। उन्होंने भारत के नागरिकों को अलग-अलग समूहों में विभाजित कर रखा था।

गोष्ठी को डा.प्राचार्य ममता मणि त्रिपाठी,पूर्व जिलाध्यक्ष जगदम्बा सिंह, डॉ प्रेमचंद मिश्र, जयप्रकाश शाही, सदर विधायक मनीष जायसवाल, फाजिलनगर विधायक सुरेंद्र सिंह कुशवाहा, रामकोला विधायक विनय प्रकाश गोंड, खड्डा विधायक विवेकानंद पाण्डेय, पडरौना नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने भी सम्बोधित किया। जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने अध्यक्षता और आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / गोपाल गुप्ता / मोहित वर्मा

   

सम्बंधित खबर