मॉर्निंग वॉकर्स के लिए विक्टोरिया मेमोरियल के गेट सुबह 5:30 बजे खुलेंगे
- Admin Admin
- Mar 26, 2025

कोलकाता, 26 मार्च (हि. स.)। वार्षिक पास धारक मॉर्निंग वॉकर्स के लिए विक्टोरिया मेमोरियल हॉल (वीएमएच) के गार्डन में प्रवेश का समय सुबह 5:30 बजे तय किया गया है। विक्टोरिया मेमोरियल हॉल के सचिव और क्यूरेटर समरेंद्र कुमार ने इस संबंध में कलकत्ता सिटिजन इनिशिएटिव के अध्यक्ष नारायण जैन को एक ईमेल के माध्यम से सूचित किया है।
इस फैसले पर खुशी जताते हुए नारायण जैन और अन्य मॉर्निंग वॉकर्स ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल और विक्टोरिया मेमोरियल प्रशासन का आभार व्यक्त किया। वहीं, कंसर्न फॉर कलकत्ता के अध्यक्ष ओ.पी. झुनझुनवाला ने भी मॉर्निंग वॉकर्स के लिए सुबह 5:30 बजे प्रवेश की अनुमति जारी रखने की अपील की थी।
हालांकि, आम जनता के लिए टिकट काउंटर के खुलने के समय में बदलाव किया गया है। अब टिकट काउंटर सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक खुला रहेगा। इस पर नारायण जैन ने प्रशासन से अपील की है कि उमस और गर्मी को ध्यान में रखते हुए टिकट काउंटर को पहले की तरह सुबह 5:30 बजे ही खोला जाए।
उल्लेखनीय है कि विक्टोरिया मेमोरियल, कोलकाता, भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत एक स्वायत्त निकाय है और इसका रखरखाव उत्कृष्ट रूप से किया जाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर