मछली-भात पर कोई रोक नहीं — भाजपा ने विजय मिलन उत्सव में दिया राजनीतिक संदेश
- DSS Admin
- May 15, 2026
हुगली, 15 मई (हि. स.)। जिले के रिषड़ा स्थित एनएसएस रोड के साव भवन में शुक्रवार शाम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने विजय मिलन उत्सव का आयोजन किया। श्रीरामपुर भाजपा मंडल-चार की ओर से मंडल अध्यक्ष संतोष सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
कार्यक्रम में श्रीरामपुर से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक भास्कर भट्टाचार्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की और राज्य में भाजपा सरकार बनने को “ऐतिहासिक परिवर्तन” बताया।
इस मौके पर विधायक भास्कर भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और राज्य में राजनीतिक परिवर्तन को लेकर लोगों में सकारात्मक माहौल बना हुआ है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के दौरान यह झूठा प्रचार किया गया था कि भाजपा सरकार आने पर बंगाल में मछली खाने पर रोक लगा दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि आज कार्यकर्ताओं ने मछली-भात के साथ विजय उत्सव मनाकर यह संदेश दिया है कि बंगाल की संस्कृति, खान-पान और परंपराओं का भाजपा सम्मान करती है। आगे भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में रिषड़ा नगरपालिका की 11 नंबर वार्ड की पार्षद शशि सिंह झा, 10 नंबर वार्ड के पार्षद मनोज सिंह तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा के स्थानीय मंडल अध्यक्ष संतोष मंडल सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।
---------------

