गांव के बेटे की इसरो तक उड़ान, मेहनत से लिखी सफलता की कहानी
- Admin Admin
- Feb 27, 2025

मीरजापुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। कभी खेतों में पिता का हाथ बंटाने वाला डोहरी गांव का बलदाऊ सिंह अब देश के शीर्ष वैज्ञानिक संस्थान इसरो में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएगा। किसान परिवार में जन्मे बलदाऊ ने अपनी मेहनत और लगन से ग्रुप सी असिस्टेंट पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है।
बलदाऊ सिंह के पिता एक किसान हैं और माता मनावती देवी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने बेटे की शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी। बलदाऊ ने हाईस्कूल यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल, बबुरी और इंटरमीडिएट तुलसी विद्या निकेतन से प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण किया। इसके बाद बीटेक की डिग्री अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज, गाजियाबाद और एमटेक की डिग्री आईआईटी धनबाद से पूरी की।
इसरो में चयन के लिए बलदाऊ ने दिल्ली में रहकर कठिन परिश्रम किया। परीक्षा का आयोजन 2022 में हुआ था, और 20 सितंबर 2024 को उनका साक्षात्कार हुआ। 19 फरवरी 2025 को घोषित परिणाम में बलदाऊ ने सफलता हासिल कर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन कर दिया।
बलदाऊ की इस उपलब्धि से गांव में जश्न का माहौल है। ब्लॉक प्रमुख मंजू सिंह, ग्राम प्रधान अमरनाथ सिंह, आनंद सिंह बंटू, राकेश सिंह, अखिलेश सिंह, आनंद पटेल, अनिल सिंह, सुनील कुमार सिंह सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा