वीरभद्र सिंह फाउंडेशन की स्थापना, समाज सेवा को समर्पित होगा संस्थान : विक्रमादित्य सिंह
- Admin Admin
- Apr 05, 2025

शिमला, 05 अप्रैल (हि.स.)। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शुक्रवार को शिमला स्थित अपने निवास 'होली लॉज' में पत्रकारों को संबोधित करते हुए घोषणा की कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. राजा वीरभद्र सिंह की स्मृति में एक फाउंडेशन की स्थापना की गई है। यह फाउंडेशन समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएगा।
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि 'राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन' पूरी तरह से गैर-राजनीतिक संस्था होगी, जिसमें समाज के सभी वर्गों के लोगों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे स्वयं इस फाउंडेशन के अध्यक्ष हैं तथा चार अन्य सदस्यों को प्रारंभिक रूप से इसमें नामित किया गया है। भविष्य में इसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षाविदों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों और अन्य समाजसेवियों को भी शामिल किया जाएगा।
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि स्व. वीरभद्र सिंह न केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि देशभर में एक सम्मानित और लोकप्रिय जननेता थे। उनके सामाजिक योगदान को आगे बढ़ाना ही इस फाउंडेशन का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि यह संस्था पूरे प्रदेश में अपनी सेवाएं प्रदान करेगी और पारदर्शिता व ईमानदारी के साथ समाज हित में कार्य करेगी।
इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार जताया, जिन्होंने शिमला के रिज मैदान स्थित दौलत सिंह पार्क में स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति प्रदान की है। विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि इस प्रतिमा का अनावरण मुख्यमंत्री सुक्खू द्वारा स्व. वीरभद्र सिंह की जयंती 23 जून को किया जाएगा।
हालांकि राज्य सरकार ने प्रतिमा निर्माण के लिए खर्च की अनुमति दी है, लेकिन विक्रमादित्य सिंह ने यह निर्णय लिया है कि इसका पूरा खर्च फाउंडेशन द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश और बाहर के जो भी लोग इस कार्य में सहयोग करना चाहेंगे, उनका योगदान पूरी पारदर्शिता के साथ लिया जाएगा।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह फाउंडेशन स्व. वीरभद्र सिंह की सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में कार्य करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा