विश्वजीत सिंह ने एडीसी बिलावर का कार्यभार संभाला, अधिकारियों ने किया स्वागत
- Neha Gupta
- Jun 01, 2026

बिलावर, 01 जून । विश्वजीत सिंह ने सोमवार को अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) बिलावर के रूप में आधिकारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया। इस अवसर पर उपमंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यभार संभालने के बाद विश्वजीत सिंह ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य प्रशासन को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनहितैषी बनाना होगा। उन्होंने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने और जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा। गौरतलब है कि विश्वजीत सिंह इससे पहले एडीसी कठुआ के पद पर तैनात रह चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी और जनहित में लिए गए प्रभावी फैसलों से बेहतर सेवाएं प्रदान की थीं। उनके कार्यकाल के दौरान कई विकास कार्यों को गति मिली और प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया। स्थानीय लोगों को भी उनसे काफी उम्मीदें हैं कि वे बिलावर में भी विकास कार्यों को नई दिशा देंगे और आम जनता की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
---------------

