हांसी : विधानसभा व संसद में गूंजेगी चानौत गांव की आवाज: दीपेंद्र हुड्डा

गांव चानौत में धरने को संबोधित करते सांसद दीपेंद्र हुड्डा।


सांसद दीपेन्द्र ने धरनास्थल पर पहुंचकर किया ग्रामीणों का समर्थन

हांसी, 08 जून । कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा है कि चानौत

गांव की आवाज अब विधानसभा से लेकर संसद तक गूंजेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की जायज

मांगों को हर स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा। दीपेन्द्र हुड्डा सोमवार को पीने के पानी व बिजली समस्या के स्थाई समाधान की

मांग पर चानौत गांव में चल रहे आंदोलन के दौरान

ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे।

धरने को समर्थन देने के लिए कांग्रेस विधायक जस्सी

पेटवाड़, आदमपुर विधायक चंद्रप्रकाश, अनिल मान, संतोष दहिया, राहुल मक्कड़, सुमन शर्मा,

सोविन बेरवाल, विकास ढांडा, अशोक मलिक तथा राजेंद्र सूरा सहित अनेक कांग्रेस नेता एवं

कार्यकर्ता पहुंचे। सभी नेताओं ने ग्रामीणों की मांगों को न्यायोचित बताते हुए सरकार

से शीघ्र समाधान की मांग की। धरना कमेटी के प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार और प्रशासन की ओर से अब तक कोई

ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में हांसी शहर को जाने वाली

पाइपलाइन से गांव चानौत को 8 इंच का स्थायी जल कनेक्शन उपलब्ध कराना, जलभराव की समस्या

के समाधान के लिए ड्रेन व्यवस्था करना तथा पिछले वर्ष बाढ़ से प्रभावित गांव के समग्र

विकास के लिए 25 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज जारी करना शामिल है।

धरना कमेटी की ओर से पूर्व सरपंच सत्यवान दूहन और अनूप चानौत ने घोषणा की कि

यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया

कि 9 जून से गांव के पांच ग्रामीण आमरण अनशन पर बैठेंगे। धरना कमेटी के अनुसार आमरण

अनशन के समर्थन में विभिन्न खाप पंचायतों, किसान संगठनों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि

बड़ी संख्या में चानौत पहुंचेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि यह संघर्ष गांव के भविष्य, मूलभूत

सुविधाओं और आने वाली पीढ़ियों के अधिकारों की लड़ाई है, जिसे किसी भी कीमत पर अधूरा

नहीं छोड़ा जाएगा।

   

सम्बंधित खबर