बंगाल सरकार ने सौरव गांगुली की सुरक्षा में किया बदलाव, जेड की जगह वाई श्रेणी की सुरक्षा दी जाएगी

कोलकाता, 03 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (कैब) के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली की सुरक्षा व्यवस्था में कटौती करने का फैसला किया है। अब तक सौरव को ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त थी, लेकिन अब उन्हें ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा दी जाएगी। इस फैसले के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था दो स्तर नीचे आ जाएगी।

इस संबंध में सौरव गांगुली से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से विभिन्न राजनीतिक नेताओं और विशिष्ट व्यक्तियों को दी जा रही सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पदभार संभालने के बाद नवान्न में आयोजित एक बैठक में स्पष्ट किया था कि जिन लोगों को वास्तविक सुरक्षा खतरा नहीं है, उन्हें अनावश्यक सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई जाएगी।

इसके बाद राज्य पुलिस ने राजनीतिक नेताओं के साथ-साथ उन अन्य लोगों की सुरक्षा की भी समीक्षा शुरू की, जिन्हें राज्य सरकार की ओर से विशेष सुरक्षा प्रदान की जाती थी। सबसे पहले तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी की अतिरिक्त सुरक्षा वापस ली गई थी। सरकार ने स्पष्ट किया था कि उन्हें सांसद के रूप में निर्धारित सुरक्षा ही मिलेगी।

इसके बाद कई तृणमूल नेताओं और पूर्व पुलिस अधिकारियों की सुरक्षा व्यवस्था में भी कटौती की गई। अब इस सूची में सौरव गांगुली का नाम भी शामिल हो गया है। राज्य सरकार के इस फैसले को सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है।------------------

   

सम्बंधित खबर