बंगाल में मदरसों का सर्वे शुरू करने का निर्देश, पांच जुलाई तक मांगी जिलावार रिपोर्ट
- DSS Admin
- Jun 06, 2026
कोलकाता, 06 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने प्रदेश के सभी मदरसों का सर्वे शुरू करने का निर्देश दिया है। नवान्न की ओर से सभी जिलाधिकारियों को पांच जुलाई तक जिलावार रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। रिपोर्ट में मदरसों से जुड़ी हर प्रकार की जानकारियां उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह कदम प्रशासनिक कार्यों और मदरसा शिक्षा की बेहतर योजना बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। रिपोर्ट के आधार पर छात्रों के हित में आवश्यक कदम उठाने, मदरसों के रखरखाव और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की योजना बनाई जाएगी।
सरकार का कहना है कि इस सर्वे से यह भी पता लगाया जा सकेगा कि कहीं किसी मदरसे में कोई अनियमितता या अवैध गतिविधि तो नहीं चल रही है। यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, राज्य सरकार ने यह भी आश्वासन दिया है कि इस सर्वे के आधार पर किसी मदरसे को बंद नहीं किया जाएगा और न ही छात्रों को पढ़ाई से वंचित किया जाएगा। मदरसों में वर्तमान की तरह शिक्षण कार्य जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि, कुछ दिन पहले राज्य के मदरसा शिक्षा विभाग ने निर्देश जारी कर सभी मदरसों में कक्षाएं शुरू होने से पहले प्रार्थना सभा के दौरान ‘वंदे मातरम्’ गाना अनिवार्य किया था। 19 मई को जारी इस निर्देश में कहा गया था कि प्रत्येक दिन विद्यालय की प्रार्थना सभा में ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया जाएगा।
---------------

