श्रमिकों को सप्ताह में एक दिन अवकाश अवश्य मिले : जिलाधिकारी राजेन्द्र पैंसिया

मुरादाबाद, 19 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के पंचायत भवन सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल की उपस्थिति में शासन द्वारा जारी नवीन मज़दूरी दरें लागू किये जाने के संबंध में बैठक एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित जिया गया। बैठक में जिलाधिकारी ने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, एक्सपोर्टर्स, कारखानेदारों, सेवायोजकों और प्रबंधकों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप श्रमिकों को नियम के अनुसार सुविधाएं दी जाएं। सभी श्रमिकों को सप्ताह में एक दिन अवकाश अवश्य मिले।

जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कहा कि शासन द्वारा जारी नवीन मज़दूरी दरों के अनुसार श्रमिकों को प्रत्येक दशा में न्यूनतम मजदूरी का भुगतान किया जाए। ओवर टाइम का दोगुनी दर से भुगतान किया जाए। अनावश्यक किसी श्रमिक को काम से निकला न जाए। प्रत्येक कारखाने में विशाखा गाइड लाइन के अनुसार महिलाओं के विरुद्ध लैंगिक शोषण की रोकथाम के लिए कमेटी का गठन किया जाए। उस कमेटी की अध्यक्ष अनिवार्य रूप से महिला ही हो।जिलाधिकारी ने विशेष जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार सभी बड़े कारखाने अपने यहाँ नो प्रॉफिट-नो लॉस के आधार पर सस्ती दरों पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराएं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने कहा कि श्रमिकों को शासन द्वारा निर्धारित मज़दूरी का भुगतान किया जाए। लघु उद्योग भारती की ओर से उद्योग प्रतिनिधियों का पक्ष रखते हुए कहा गया कि लगभग सभी उद्योगपति श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी का भुगतान करते हैं। श्रमिकों के सुख दुख का ध्यान रखना सेवायोजक का उत्तरदायित्व है।

   

सम्बंधित खबर