दक्षिण दिनाजपुर, 4 जून (हि.स.)। जिले के बुनियादपुर ट्रैफिक मोड़ पर गुरुवार सुबह एक कपड़ा व्यवसायी के गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा गोदाम जलकर खाक हो गया।इस आगजनी की घटना में पास स्थित व्यवसायी समिति की दो मंजिला इमारत का एक हिस्सा, कारोबारी का निजी दो मंजिला मकान, एक स्टेशनरी दुकान और एक विदेशी शराब की दुकान का भी आंशिक नुकसान हुआ है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब साढ़े आठ बजे लोगों ने सबसे पहले गोदाम से धुआं और आग की लपटें निकलते देखी। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
बताया जा रहा है कि गोदाम मालिक सुबह काम शुरू करने के बाद पास की दुकान में चाय पीने गए थे। उसी दौरान उन्होंने गोदाम से धुआं उठते देखा और शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात कर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। प्राथमिक अनुमान के मुताबिक, गोदाम में जलाई गई अगरबत्ती या मच्छर भगाने वाली कॉइल से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। इस भीषण आग के कारण इलाके की बिजली और संचार की तारें भी जलकर नष्ट हो गई है।

