अखिल भारतीय राज्य जल मंत्रियों का सम्मेलन उदयपुर में 18 से

उदयपुर, 17 फ़रवरी (हि.स.)। झीलों के शहर उदयपुर में 18 फरवरी से होने जा रही दो दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस ‘वाटर विजन-2047’ में देश के केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सहित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, जल संसाधन मंत्री, पर्यावरण मंत्री देश को जल शक्ति बनाने पर मंथन करेंगे।

उदयपुर के अनंता रिसॉर्ट में पहले दिन 18 फरवरी को सुबह 9 बजे उद्घाटन सत्र शुरू होगा। इसमें सबसे पहले जल कलश समारोह होगा। उद्घाटन सत्र में केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव सम्बोधित करेंगे।

इस सत्र के बाद सुबह 11.25 बजे से थीमैटिक सेशन ‘स्ट्रेंगथनिंग वाटर गवर्नेंस’ होगा, जिसमें राजस्थान के जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, वेस्ट बंगाल के जल स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री पुलक राय, पुद्दुचेरी के सार्वजनिक निर्माण मंत्री के. लक्ष्मीनारायण, गुजरात के वन एवं पर्यावरण जलवायु परिवर्तन मंत्री मुकेश भाई पटेल सहित विशेषज्ञ व अधिकारी विचार प्रस्तुत करेंगे।

दूसरा थीमैटिक सेशन ‘वाटर स्टोरेज इंफ्रास्ट्रक्चर एंड ऑग्मेन्टिंग द सप्लाई’ दोपहर 2 बजे से शुरू होगा। इसमें ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, आंध्रप्रदेश के जल संसाधन मंत्री डॉ. निम्मला राम नायडू, बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और अधिकारी सेशन में उपस्थित होंगे।

शाम 5 बजे से ‘वाटर डिलीवरी सर्विसेज विद फोकस ऑन ड्रिंकिंग वाटर’ थीमैटिक सेशन होगा। इसमें केन्द्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना, कर्नाटक के ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री प्रियांक खड़गे, अरुणाचल प्रदेश के पीएचई एंड डब्ल्यूएस मंत्री मामा नातुंग, ओडिशा के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री रबी नारायण नाइक सहित सम्बंधित अधिकारी सेशन में सम्बोधित करेंगे।

दूसरे दिन 19 फरवरी को ‘वाटर डिलीवरी सर्विसेज विद फोकस ऑन इरिगेशन एंड अदर्स यूज’, ‘डिमांड मैनेजमेंट एंड वाटर यूज एफिशिएंसी’, ‘इंटीग्रेडेट रिवर एंड कोस्टल मैनेजमेंट’ थीमैटिक सेशन होंगे। दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस में केन्द्रीय राज्य जल शक्ति मंत्री राज भूषण चौधरी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहेंगे।

दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस में लद्दाख के लेफ्टिनेंट गवर्नर डॉ. बी.डी. मिश्रा, आंध्रप्रदेश अरुणाचल प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हरियाणा, जम्मू एंड कश्मीर, कर्नाटक, केरल, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, मेघालय, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, सिक्किम, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तरप्रदेश, वेस्ट बंगाल, पुद्दुचेरी और मणिपुर राज्यों से मंत्री उपस्थित होंगे। इनके साथ ही, विभिन्न राज्यों से मुख्य सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव भी कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

   

सम्बंधित खबर