बरसात कम होने के बावजूद बढ़ रहा है नदियों का जलस्तर

पूर्व बर्दवान, 05 अगस्त (हि.स.)। बारिश कम होने के बावजूद विभिन्न नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। अगले कुछ दिनों में कई नदियों का जलस्तर बढ़ने की संभावना है। खतरे से बचने के लिए प्रशासन की ओर से चेतावनी जारी कर दी गई है।

पूर्व बर्दवान की जिलाधिकारी के. राधिका अय्यर ने कहा कि शनिवार से ही जिले के विभिन्न प्रखंडों के नदी तटीय इलाकों में माइकिंग कर आम लोगों को सचेत किया जा रहा है। नदी किनारे या जिन भी जगहों पर बाढ़ सी स्थति बनी है, वहां रील बनाने, फोटो खींचने या वीडियो बनाने के लिए जाने पर रोक लगा दी गयी है।

जिला प्रशासन के सूत्रों के अनुसार, दामोदर, अजय नदी, खारी, बेहुला, कुन्नूर, ब्राह्मणी, बांका, फाडे नदी सहित कई छोटी नदियों में जल स्तर बढ़ रहा है।

अलीपुर मौसम कार्यालय ने कहा कि सोमवार दोपहर से मौसम फिर बदल सकता है। इसके चलते रायना, खंडघोष, जमालपुर, कटवा, कलना समेत विभिन्न प्रखंड प्रशासन को सतर्क रहने को कहा गया है। इसके अलावा प्रशासन ने आम जनता को सूचित किया है कि कोई भी व्यक्ति बाढ़ की तस्वीरें या रील बनाने के लिए पानी के पास न जाए, खतरे की आशंका है।

ब्राह्मणी नदी के उफान के कारण कटवा-मोंटेश्वर लिंक रोड सहित बड़े क्षेत्र पहले ही पानी में डूब चुके हैं। मोंटेश्वर में चंद्रपुर रोड, कटवा में श्रीखंड रोड खस्ताहाल हो गई है। पांच हजार 570 हेक्टेयर जमीन पानी में समा गयी है। अब तक एक हजार 385 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। स्थानीय प्रशासन द्वारा जिले भर में 26 राहत शिविर खोले गये हैं।

प्रशासन सूत्रों के मुताबिक, सोमवार सुबह तक दुर्गापुर बैराज में 64.465 मीटर यानी 211.50 फीट, मैथन डैम में 147.36 मीटर यानी 483.45 फीट, पंचेत डैम में 127.33 मीटर यानी 417.74 फीट, तेनुघाट डैम में 260.19 मीटर यानी 853.63 फीट पानी था। रंडीहा बांध पर दामोदर नदी का जलस्तर 167.40 फीट पर है जो खतरे के निशान तक पहुंच गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय / गंगा

   

सम्बंधित खबर