हरियाणा को बनाएंगे मैन्यूफैक्चरिंग का हब : नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम के मानेसर में बजट के उपरांत उद्योग जगत के प्रतिनिधियों की बैठक को किया संबोधित

गुरुग्राम, 18 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पीएम मोदी के विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए आने वाले दिनों में हरियाणा को मैन्युफैक्चरिंग का हब बनाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के चलते हरियाणा भारत के सबसे प्रगतिशील औद्योगिक शक्ति केंद्रों के रूप में स्थापित हुआ है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को मानेसर स्थित भारतीय कॉर्पोरेट मामले संस्थान में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बजट उपरांत बैठक को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर श्री गुरु तेग बहादुर जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं भी दी और हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान को याद करते हुए नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सपना है कि वर्ष 2047 में विकसित भारत बने। इसी संकल्प को पूरा करने के लिए इस बार के बजट में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के बजट को बढ़ाकर 1848 करोड़ 12 लाख रुपए कर दिया है जोकि पिछली बार की तुलना में 129 फीसदी ज्यादा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने मौजूदा वित्त वर्ष के बजट में औद्योगिक श्रमिकों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार के लिए कई उपाय शामिल किए गए हैं। श्रमिकों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए औद्योगिक क्षेत्रों में 300 अटल किसान श्रमिक कैंटीन खोली जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा प्रदेश एक विनिर्माण केंद्र बनेगा। हरियाणा प्रदेश अपने औद्योगिक संस्थानों की प्रगति के बलबूते आज जीएसटी कलेक्शन में पूरे देश में पांचवें स्थान पर है। व्यापार के अनुकूल वातावरण बनाने तथा निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए हरियाणा एंटरप्राइजेज एंड एम्प्लॉयमेंट पॉलिसी 2020 जैसे कई महत्वपूर्ण उपाय लागू किए हैं। सीएम ने कहा कि औद्योगिक नीति को और बिजनेस फ्रेंडली बनाने के लिए सरकार ने मौजूदा बजट में नई औद्योगिक नीति और एच.एस.आई.आई.डी.सी. की ई.एम.पी. का सरलीकरण किया है। हरियाणा में आईएमटी खरखौदा की तर्ज पर 10 नए औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) विकसित किया जाएगा।

अगले छः महीनों में बदल जाएगी सभी औद्योगिक संपदाओं की तस्वीर

उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम आगमन पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत किया और कहा कि आपके नेतृत्व में प्रदेश का उद्योग जगत तेजी से तरक्की करेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी औद्योगिक संपदा क्षेत्रों में सडक़, सीवरेज व स्वच्छता आदि के टेंडर जारी हो चुके हैं। औद्योगिक संगठनों की इस मांग पर अगले तीन महीने के भीतर काम शुरू हो जायेगा और छः महीने के भीतर इसे पूरा कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए नई नीति भी तैयार की जा रही है। राव नरबीर सिंह ने कार्यक्रम में पहुंचे उद्योग जगत से प्रतिनिधियों से पर्यावरण संरक्षण में भी अपना योगदान देने की अपील की। इस अवसर पर विधायक बिमला चौधरी, विधायक तेजपाल तंवर, विधायक मुकेश शर्मा, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार प्रवीण अत्रे, एचएसआईआईडीसी के एमडी सुशील सारवान, डीसी अजय कुमार, पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा, नगर निगम गुरुग्राम के कमिश्नर अशोक गर्ग व नगर निगम मानेसर की आयुक्त रेणू सोगन मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

   

सम्बंधित खबर