अज़ान के लिए लाउडस्पीकर क्यों? : दिगंत कलिता ने कानूनी समीक्षा की उठाई मांग
- DSS Admin
- May 18, 2026
गुवाहाटी, 18 मई, (हि.स.)। भाजपा विधायक दिगंत कलिता ने अज़ान के दौरान लाउडस्पीकर के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाते हुए कहा है कि उन्हें अज़ान से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन धार्मिक आयोजन में ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवश्यकता पर कानूनी दृष्टि से विचार किया जाना चाहिए।
पत्रकारों से बातचीत में भाजपा विधायक ने कहा कि वह पिछले पांच वर्षों से असम विधानसभा परिसर के निकट रह रहे हैं और प्रतिदिन पांच बार अज़ान की आवाज सुनते हैं। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय को अपनी धार्मिक परंपराओं का पालन करने का पूरा अधिकार है, जैसे अन्य धर्मों के लोग भी अपने रीति-रिवाज निभाते हैं।
हालांकि, कलिता ने सवाल किया कि क्या अज़ान के लिए लाउडस्पीकर का उपयोग अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि वह इस विषय पर कानूनी विशेषज्ञों से राय लेंगे और यह जानने का प्रयास करेंगे कि धार्मिक उद्देश्यों के लिए लाउडस्पीकर के इस्तेमाल को लेकर अदालतों के क्या दिशा-निर्देश हैं।
भाजपा विधायक के इस बयान के बाद राज्य में राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना जताई जा रही है। असम में धार्मिक गतिविधियों, ध्वनि प्रदूषण और सार्वजनिक नियमों को लेकर पहले भी कई बार विवाद और चर्चाएं सामने आती रही हैं।
------------

