संभल को ही क्यों निशाना बना रही सरकार: सपा विधायक

संभल, 19 मार्च (हि.स.)। औरंगजेब, वक्फ बिल और नेजा मेला के सवाल पर बुधवार को सपा विधायक इकबाल महमूद भड़क गए। उन्होंने कहा कि सिर्फ संभल को ही क्यों निशाना बनाया जा रहा है। वक्फ बिल आने पर बात करेंगे, सरकार पहले अपने वादे पूरे करे।

पत्रकारों के सवालों से चिढ़े सपा विधायक ने कहा कि इससे क्या फर्क पड़ता है कि तीन सौ साल पहले संभल में क्या हुआ था। लोगों का ध्यान भटकाने के लिए ऐसी बातें लाई जा रही हैं। मीडिया सरकार के प्रचारक की तरह काम कर रहा है। सरकार को पहले गरीबों, बेरोजगार किसानों और युवाओं से किए गए वादे पूरे करने चाहिए। सरकार इस बारे में बात नहीं करती। वक्फ बिल आने पर इस पर भी चर्चा होगी, अभी इसे इतना महत्व देने का क्या मतलब है।

उन्होंने सरकार से अपील की है कि संभल के लोगों को तरक्की करने दें। सबसे पहले सरकार को देश की ज्वलंत समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

   

सम्बंधित खबर