धान फसल को जंगली सुअर पहुंचा रहा नुकसान

धमतरी, 21 अक्टूबर (हि.स.)।डाही समेत अंचल के गांवों में किसानों के खेतों में खरीफ सीजन के धान फसल पक कर तैयार है, लेकिन कटाई से पहले जंगली सुअर धान फसल को खाकर व रौंदकर नुकसान पहुंचा रहा है, इससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। रात में जंगली सुअर झुंड में खेतों पर पहुंचकर फसल को रौंद रहा है।

भखारा तहसील के ग्राम डाही में पिछले एक सप्ताह से जंगली सुअरों ने आंतक मचा रखा है। खेतों की ओर झुंड में दिखाई दे रहा है। किसानों में जंगली सुअर को लेकर दहशत बना हुआ है, क्योंकि वह जानलेवा हमला करता है। अब तक कई लोगों पर जंगली सुअर हमला कर चुका है। ग्रामीण व किसान अकेला खेतों में जाने से डर रहे हैं। डाही के किसान नेमसिंह साहू ने बताया कि उनके धान फसल में सिंचाई पानी की जरूरत है, लेकिन जंगली सुअर सक्रिय है। खेतों में पानी डालते ही फसल को नुकसान पहुंचाएगा। ऐसे में किसान संशय में है। किसान प्रकाश ध्रुव ने बताया कि जंगली सुअर धान फसल को नुकसान पहुंचा रहा है। पिछले कुछ वर्षों से क्षेत्र में सुअरों की संख्या बढ़ी है। वह सिर्फ धान फसल ही नहीं बल्कि गन्ना और केले की फसल को भी नुकसान पहुंचाते हैं। फसल को जंगली सुअरों से बचाने के लिए कुछ किसानों ने खेत के चारों ओर तारों से घेरकर सुरक्षित किया है। जंगली सुअर कई बार क्षेत्र के किसानों पर हमला कर चुका है, इससे दहशत भी है। किसान निरंजन पटेल , रेखा ध्रुव , राधे ध्रुव , देवनारायण डाहरे आदि ने बताया कि जंगली सुअर से क्षेत्र के किसान परेशान है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

   

सम्बंधित खबर