झज्जर : इनेलो ने बैठक में की चुनाव परिणामों की समीक्षा, कार्यकर्ताओं ने दिए सुझाव

झज्जर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। इंडियन नेशनल लोकदल बहादुरगढ़ के कार्यकर्ताओं ने बहादुरगढ़ में नजफगढ़ रोड स्थित राठी फार्म में बैठक करके विधानसभा चुनाव में हार की समीक्षा की और चुनाव अभियान में सहयोग के लिए कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। बैठक में कार्यकर्ताओं ने विधानसभा चुनाव के दौरान रही खामियों पर अपने-अपने विचार रखे और उन्हें भविष्य में दूर किए जाने की बात कही। विधानसभा चुनाव में इनेलो-बसपा गठबंधन प्रत्याशी रही शीला नफे सिंह राठी ने कार्यकर्ताओं द्वारा की गई मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि हार जीत चुनाव का हिस्सा है।

इससे निराश होने की बजाय सीख लेकर भविष्य में और अधिक मेहनत करने की आवश्यकता है। चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं ने पूरे जी जान से कार्य किया और जनता के बीच जाकर पार्टी के पक्ष में मतदान किया और करवाया। जिस प्रकार कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत की है, इसके लिए वह दिल की गहराईयों से सभी का धन्यवाद करती हैं और सभी मतदाताओं का भी आभार प्रकट करती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव के दौरान जो खामियां रही, उसे दूर कर भविष्य में एक बार फिर मजबूती के साथ पार्टी के लिए काम करने का आह्वान किया। शीला नफे सिंह राठी ने कहा कि यह चुनाव हलके के विकास के साथ-साथ स्व. नफे सिंह राठी को न्याय दिलाने के लिए लड़ा गया। आगे भी इनेलो बहादुरगढ़ के विकास के लिए भरसक प्रयास करती रहेगी और हलके की जनता के हकों की आवाज उठाती रहेगी।

इनेलो ने हमेशा बहादुरगढ़ हलके के विकास को प्राथमिकता दी है। जिसके लिए लगातार आगे भी स्व. नफे सिंह राठी का परिवार जनता के साथ उनकी हर लड़ाई में साथ खड़ा रहेगा। स्व. नफे सिंह राठी के पुत्रों भूपेंद्र राठी, जितेंद्र राठी और भतीजों कपूर राठी व दीपक राठी ने भी हलके की जनता का चुनाव में साथ देने के लिए धन्यवाद किया। इसके अलावा इनेलो बसपा कार्यकर्ताओं ने भी चुनाव की समीक्षा करते हुए अपने-अपने विचार रखे और पार्टी को भविष्य में भी मजबूती के साथ जनता के हक में कार्य करने की बात कही। बैठक में वेद प्रकाश ढुल, ईश्वर छिल्लर, महेंद्र राठी, बिजेंद्र दलाल पार्षद, रामधन दलाल, रामनिवास सैनी सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज

   

सम्बंधित खबर