दुस्साहसिक चोरी के आरोप में महिला गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 21 मई (हि. स.)। एनजेपी थाने की पुलिस ने एक घर में दुस्साहसिक चोरी के मामले में महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला का नाम खुशबू दामी है। वह ईरानी बस्ती इलाके की निवासी है।

सूत्रों के अनुसार, सिलीगुड़ी के वार्ड 33 के सुकांतपल्ली शिवशक्ति कालीबाड़ी इलाके में 18 मई को एक घर में दिनदहाड़े चोरी की घटना घटी थी। चोरी की घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। जहां साफ़-साफ़ देखा जा रहा था कि एक महिला दो बच्चों के साथ घर में घुसी और फिर कुछ देर बाद आराम से बाहर निकल आई। बाद में परिवार के सदस्यों को घर में चोरी होने का पता चला। इसके बाद पीड़ित परिवार की तरफ से एनजीपी थाने में शिकायत की गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपित महिला की पहचान की। बाद में महिला को साउथ कॉलोनी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। एनजेपी थाने की पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

   

सम्बंधित खबर