
शिमला, 24 जनवरी (हि.स.)। राजधानी शिमला में झंझीणी क्षेत्र के नेहरा गांव में दिन दिहाड़े घर में घुसकर चाकू से एक महिला पर हमले का मामला सामने आया है। महिला को उपचार के लिए आइजीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में न्यू शिमला थाने में केस दर्ज करवाया गया है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर महिला के बयान दर्ज कर फरार हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार हेमलता (30) आज दोपहर में घर पर थी, तभी अचानक अज्ञात लोग महिला से पानी लेने के बहाने अंदर घुस आए और महिला पर चाकू से हमला कर दिया है। इस हमले में महिला घायल हाे गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अब अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है। अज्ञात लोगों ने महिला पर हमला क्यों किया, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने चाेरी या लूटपाट के उद्देश्य से हमला किया हो।
इस बीच नेहरा गांव के लोगों ने पूरी पंचायत व आसपास के क्षेत्रों में ऐसे लोगों की पहचान करने के लिए व्हाटसऐप के माध्यम से संदेश भी प्रसारित किया है। इसमें कहा गया है कि हमारी पंचायत के साथ लगते नेहरा गांव में आज दो अज्ञात व्यक्तियाें ने महिला को चाकू से घायल कर फरार हो गए हैं। दोनों पानी पीने के बहाने घर में घुसे। उन दोनों की हल्की सफेद दाड़ी है और नीले रंग की जेकैट पहने हैं। यदि आपको कोई ऐसे व्यक्ति दिखे तो तुरंत सूचित करे और सावधान रहें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा