बरसात में महिला बदसलूकी मामले में पुलिस उपायुक्त सहित कई पुलिस अधिकारी हटाये गये

लखनऊ, 01 अगस्त(हि.स.)। गोमती नगर के ताज होटल मार्ग पर बरसात के पानी में मोटरसाइकिल सवार महिला से बदसलूकी मामले में पुलिस उपायुक्त पूर्वी प्रबल प्रताप सिंह, पूर्वी अपर पुलिस उपायुक्त अमित कुमावत सहित कई पुलिस अधिकारियों का स्थानान्तरण कर दिया गया है। घटना के दिन मौके पर लापरवाही बरतने में गोमती नगर थाने के प्रभारी निरीक्षक, स्थानीय चौकी के इंचार्ज, उप निरीक्षकों व पुलिसकर्मियों का निल​म्बन भी कर दिया गया है।

गोमती नगर में बरसात के पानी में हुड़दंग से पुलिस की खराब होती छवि को सुधारने के लिए लखनऊ पुलिस कमिश्नर ने एक आदेश जारी कर पुलिस अधिकारियों के स्थानान्तरण कर दिये। इसमे पुलिस उपायुक्त पूर्वी प्रबल प्रताप सिंह को पुलिस उपायुक्त 112, अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी अमित कुमावत को अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय, दक्षिणी अपर पुलिस उपायुक्त शशांक सिंह को अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी बनया गया है।

इसके अलावा भी अपर पुलिस उपायुक्त हाईकोर्ट कृपाशंकर को अपर पुलिस उपायुक्त यातायात, अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय राघवेंद्र को अपर पुलिस उपायुक्त हाईकोर्ट, सहायक पुलिस आयुक्त गाजीपुर विकास जायसवाल को सहायक पुलिस आयुक्त गोमतीनगर और सहायक पुलिस आयुक्त गोमतीनगर अंशु जैन को सहायक पुलिस आयुक्त महिला अपराध बना दिया गया है।

महिला से बदसलूकी के मामले में इससे पहले चार लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। वहीं अन्य हुड़दंगियों की पहचान में लिए टीमें सक्रिय की गयी है। मामले में पहचाने गये लोगों को बचाने के लिए पुलिस अधिकारियों को लगातार फोन किये जा रहे थे, इसी बीच पुलिस विभाग के उन अधिकारियों को भी हटा दिया गया है। गोमती नगर पुलिस ने हुड़दंग करने वालों दस लोगों को चिन्हित किया है, इसमें चार लोग गिरफ्तार हो चुके है।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद चंद्र बाजपेयी / मोहित वर्मा

   

सम्बंधित खबर