गोसाईगांव में डायन के संदेह में बुजुर्ग महिला की हत्या

कोकराझार (असम), 23 सितंबर (हि.स.)। जिले के गोसाईगांव में डायन के संदेह में एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई। घटना गोसाईगांव सब-डिवीजन के चिरूघुटु-बालीमारी गांव की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृत महिला की पहचान मतला मुर्मू की 53 वर्षीय पत्नी बागरे हेम्ब्रम के रूप में की गई। पीड़िता पर उसके रिश्ते के भतीजे द्वारा अपनी बुआ की हत्या करने का आरोप लगा है। आरोपित की पहचान उसी गांव के रहने वाले गणेश हेम्ब्रम के रूप में हुई। हत्यारा फिलहाल फरार है। महिला की हत्या से इलाके में सनसनी व्याप्त है।

ज्ञातव्य है कि राज्य के पहाड़ी और जंगली इलाके में आज भी लोग डायन और जादू-टोना जैसी बातों पर विश्वास करते हैं। इसके चलते हत्या जैसी घटनाएं सामने आती हैं। साथ ही डायन हत्या के पीछे की एक अन्य वजह संपत्ति विवाद को भी माना जाता है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। साथ ही आरोपित की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

   

सम्बंधित खबर