हमीरपुर में पैरोल पर छूटी महिला की गलाघोंट कर हत्या

हमीरपुर, 27 सितम्बर (हि. स.)। जानलेवा हमले के मामले में पैरोल पर छूटी तलाकशुदा महिला की जरिया थाना क्षेत्र के सरीला नगर में गला घोंटकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंचे शुक्रवार को सीओ सरीला व एएसपी ने जांच-पड़ताल की। दुष्कर्म की आशंका पर स्लाइड बनाई गई है।

सरीला के गुरुदेवपुरा निवासी सावित्री यादव(40) पुत्री रामप्रसाद पति से तलाक के बाद पिता के पैतृक आवास में रह रही थी। उसकी ससुराल महोबा के चरखारी क्षेत्र में करेहरा सूपा गांव में थी। सावित्री के कोई भाई नहीं था। माता-पिता की मौत हो चुकी है। सावित्री का चचेरा भाई रघुवीर उसे खाना देने पहुंचा तो उसका शव कमरे में चारपाई पर पड़ा था। नाक से खून बह रहा था और गले में कपड़े का फंदा कसा था। रघुवीर की सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ सीओ घनश्याम सिंह और एएसपी अनूप कुमार गुप्ता, फॉरेंसिक व डॉग स्क्वाड टीम पहुंची।

सीओ घनश्याम सिंह ने शुक्रवार को बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की गला घोंटकर हत्या की बात सामने आ रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल सकेगा। दुष्कर्म की जांच के लिए स्लाइड बनाई गई है। बताया कि सावित्री को जानलेवा हमले में सजा हुई थी। इस समय में वह पैरोल पर थी।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

   

सम्बंधित खबर