एनसीआर मुख्यालय में अराजपत्रित उत्कृष्ट महिला कर्मचारियो को किया गया पुरस्कृत
- Admin Admin
- Mar 20, 2025

प्रयागराज, 20 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन, मुख्यालय की ओर से एनसीआर मुख्यालय में गुरुवार को कुल 23 अराजपत्रित महिला कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य हेतु संगठन की अध्यक्ष चेतना जोशी ने प्रमाण-पत्र एवं व्यक्तिगत उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
यह जानकारी वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी। उन्होंने बताया कि विभिन्न पदों पर कार्यरत उन अराजपत्रित महिला रेलवे कर्मचारियों को जो विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देती हैं, उनके लिए पुरस्कार वितरण समारोह कार्यक्रम का आयोजन स्पंदन रेलवे अधिकारी क्लब, सूबेदारगंज में किया गया।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर संगठन द्वारा पुरस्कृत महिला कर्मचारियों के लिए गेम प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें पुरस्कृत होने वाले महिला कर्मचरियों ने जोश एवं उत्साह के साथ भाग लिया। संगठन की सचिव ऋचा वर्मा, सुप्रिया सिन्हा, माधुरी सिंह, नीलम कुमार, राखी जैन, चारू गुप्ता, संगीता द्विवेदी, बरनाली मंडल, रेणु पोनिया, अलका गर्ग, साधना कुमार, सुनीता भारती, डॉ.मंजू लता हांडू, वसुधा गुप्ता के साथ-साथ संगठन की अन्य सदस्यायें भी उपस्थित रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र