यमुनानगर: महिला सशक्तिकरण एक आदर्श नहीं आवश्यक कदम है : नीलम संधू
- Admin Admin
- Mar 08, 2025

यमुनानगर, 8 मार्च (हि.स.)। हरियाणा महिला सभा ने शनिवार काे अंतराष्ट्रीय महिला दिवस, शहीद भगत सिंह हाल में बड़ी धूमधाम से मनाया। इस दाैरान अपनी समस्याओं को लेकर कई प्रस्ताव भी पारित किए गए।
हरियाणा महिला सभा की राज्य महासचिव नीलम संधू ने इस मौके पर कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के अद्वितीय योगदान को सम्मानित करने और लैंगिक समानता की दिशा में कदम उठाने के प्रति प्रतिबद्धता को व्यक्त करने का दिन है। यह दिन हमें यह याद दिलाता है कि हर क्षेत्र में महिलाओं ने अद्वितीय सफलता और संघर्ष की मिसाल पेश की है।उन्होंने बताया कि इस मौके पर कई प्रस्ताव पास किए गए। उन्होंने कहा कि जैसे सरकार द्वारा चुनाव के समय वादा किया गया था कि सभी महिलाओं को 2100 रूपये दिए जाएंगे, लेकिन अब उस पर कई तरह की शर्तें लगाई जा रही है। इसके साथ ही यह भी प्रस्ताव पास किया कि बच्चों के पढ़ने के लिए सरकारी स्कूलों के उचित प्रबंधन के साथ उनमें अध्यापकों का प्रबंध किया जाए ताकि बच्चों को अच्छी शिक्षा मिल सके। महिलाओं पर लगातार अपराध और उत्पीड़न बढ़ रहा है, उस पर रोक लगाई जाए ।उन्होंने कहा कि इस विशेष दिन पर हम सभी को यह समझने की आवश्यकता है कि महिला सशक्तिकरण केवल एक आदर्श नहीं, बल्कि एक आवश्यक कदम है, जिसे हमें मिलकर बढ़ावा देना होगा। समाज में लैंगिक असमानताओं को समाप्त करने और महिलाओं के अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए हर एक व्यक्ति का योगदान आवश्यक है। महिला दिवस के अवसर पर हम इस बात की प्रतिबद्धता दोहराते हैं कि हम एक समावेशी समाज की दिशा में काम करेंगे, जहां हर महिला को अपने सपनों को पूरा करने का समान अवसर मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग