हिसार: हर क्षेत्र में भागीदारी करके आगे बढ़ रही महिलाएं : डॉ. वंदना बिश्नोई

गुजवि में ‘महिला अधिकार एवं लैंगिक समानता’ विषय पर व्याख्यान आयोजित

हिसार, 18 सितंबर (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की प्रथम महिला एवं कुल​पति प्रो. नरसी राम बिश्नोई की धर्मपत्नी डा. वंदना बिश्नोई ने कहा है कि भारत के संविधान में महिलाओं को समानता का अधिकार दिया गया है। महिलाएं अब हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी कर रही हैं तथा आगे बढ़ रही हैं।

डॉ. वंदना बिश्नोई बुधवार को महिला सैल के सौजन्य से ‘महिला अधिकार एवं लैंगिक समानता’ विषय पर एक विशेष व्याख्यान कार्यक्रम में संबोधन दे रही थी। विश्वविद्यालय के चौधरी रणबीर सिंह सभागार में हुए इस कार्यक्रम में डा. वंदना बिश्नोई मुख्य अतिथि रहही जबकि व वरिष्ठ अधिवक्ता विक्रम मित्तल ने विषय विशेषज्ञ के तौर पर शिरकत की। इस अवसर पर महिला सैल की अध्यक्षा प्रो. दीपा मंगला, महिला सैल की सदस्या डा. तरूणा गेरा व डा. सुनीता रानी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि महिलाओं में निर्णय शक्ति मजबूत होनी चाहिए। महिलाओं को अपनी सही आवाज उठानी चाहिए। जो गलत है उसके बारे गलत तथा जो सही है उसके बारे में सही बोलना चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के महिला सैल व इंटरनल कंप्लेंट कमेटी में छात्राएं अपनी समस्या लेकर जा सकती हैं। यह सैल महिलाओं की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहता है। महिलाएं विश्व की आबादी का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा हैं। महिलाओं के सशक्तिकरण से ही देश व विश्व प्रगतिशील हो सकता है।

विषय विशेषज्ञ विक्रम मित्तल ने अपने व्याख्यान में बताया कि भारत के संविधान में महिलाओं के अधिकारों के संरक्षण के लिए कानून बने हुए हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को इन कानूनों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अगर कोई लड़का किसी लड़की से अभद्र व्यवहार करता है, तो उसे कानून के माध्यम से सजा दिलाई जा सकती है।उन्होंने मौलिक अधिकारों व समानता के अधिकारों तथा उनके कानूनी पहलुओं के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि सदियों से हमारा देश पुरुष प्रधान देश रहा है लेकिन आज के संदर्भ में यह नजरिया बदल गया है। आज महिलाएं चाहे वो चिकित्सा क्षेत्र हो, आर्मी का क्षेत्र हो या शिक्षा का क्षेत्र हो या अन्य सभी क्षेत्रों में अच्छा कार्य कर रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इंटरेक्शन किया तथा विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर दिए।

अध्यक्षा दीपा मंगला ने महिला सैल की कार्यप्रणाली के बारे में प्रतिभागियों को अवगत कराया। मंच संचालन हरियाणा स्कूल ऑफ बिजनेस की सहायक प्रोफेसर डा. अंजलि गुप्ता ने किया। इस अवसर पर प्रो. सुजाता सांघी, प्रो. अंजु वर्मा, प्रो. सविता उबा व डा. विनीता माथुर उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

   

सम्बंधित खबर