महिला खिलाड़ियों ने कुश्ती में दिखाया दमखम

धमतरी, 9 मार्च (हि.स.)।जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा अस्मिता वूमेंस सिटी रेसलिंग लीग 2025 का आयोजन नौ मार्च को खेलो इंडिया केंद्र इंडोर स्टेडियम धमतरी में किया गया। जिसमें अंडर 19 वर्ग समूह की महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया और कुश्ती में अपना दम दिखाया।

खेलो इंडिया योजना के तहत अस्मिता सिटी लीग की शुरुआत की गई है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं के बीच खेलों को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करना है। इसकी कड़ी में इंडोर स्टेडियम में अस्मिता वूमेंस सिटी रेसलिंग लीग 2025 का आयोजन किया गया। जिसमें खेलो इंडिया लघु केंद्र एवं जिले में सक्रिय संबंधित खेल संघ, महाविद्यालय और स्कूल टीम के खिलाड़ी शामिल हुए। इस एक दिवसीय खेल स्पर्धा में अंडर 19 आयु वर्ग के 53 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया और प्रतियोगिता में शामिल हुए। इस कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा, सभापति कौशिल्या देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, महामंत्री अविनाश दुबे, महेंद्र पंडित, अशोक सिन्हा, पार्षद कुलेश सोनी, जिला खेल अधिकारी बी एक्का, प्रभारी खेल अधिकारी थामस पाल, कुश्ती संघ के लक्ष्मण पहलवान, सत्यवान यादव सहित अन्य अतिथि उपस्थित थे।

कुश्ती सिर्फ शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक खेल-रामू रोहरा ने कहा कि कुश्ती सिर्फ शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक खेल भी है। इस खेल के लिए शारीरिक के साथ मानसिक रूप से भी मजबूत रहना चाहिए। कुश्ती जैसे खेल में खिलाड़ी दांव लगाकर जीत की कोशिश करते है। वैसे ही जीवन ने आई विपत्ति से घबराएं नहीं। बल्कि दांव लगाकर उसे चित करें। खेल में हार और जीत दो पहलू होते है। इसका ध्यान में रखते हुए खेल भावना का परिचय दें। इस प्रतियोगिता में 50 और 53 किलोग्राम वजन समूह में कुश्ती खेला गया। इस प्रतियोगिता में एनआईसी कोच हिमांशु यादव भिलाई और संतोषी चंद्राकर दुर्ग रेफरी के रूप में शामिल हुए।जिसमें 50 किलोग्राम वजन समूह में खेलो इंडिया केंद्र की आरती निर्मलकर प्रथम स्थान पर रही। वहीं द्वितीय स्थान पर रूपाली और तीसरे स्थान पर गीतांजलि और चंचल साहू रही। 53 किलोग्राम वजन समूह में खेलो इंडिया केंद्र की नेहा सेन प्रथम स्थान पर रही। वहीं द्वितीय स्थान पर खुशी सोनकर और तीसरे स्थान पर युक्ता ढीमर और हर्षा ध्रुव रही। इस अवसर पर खेलो इंडिया लघु केंद्र के एनआईसी कोच विकास ठाकुर, लीना यादव, व्यायाम शिक्षक जे पी देव, खिलेंद्र साहू, रेखा सिन्हा, टिकेश्वर निर्मलकर, निर्मला सिन्हा, नेहरू युवा केंद्र के भूपेंद्र मानिकपुरी, व्याख्याता आकाश गिरी गोस्वामी, खेल विभाग के देवव्रत साहू और कैलाश ध्रुव सहित कुश्ती की महिला खिलाड़ी मौजूद थे।''

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

   

सम्बंधित खबर