अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बरेका में सम्मानित हुईं महिला कर्मी
- Admin Admin
- Mar 08, 2025

वाराणसी, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शनिवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में महिला कर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, समानता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं। कार्यक्रम का उद्घाटन बरेका महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारी मधु शुक्ला, चित्रा सिंह ने किया।
इस अवसर पर मधु शुक्ला ने महिला कर्मचारियों के योगदान की सराहना की और कहा कि महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में अपनी मेहनत और कौशल से सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं। उन्होंने बरेका में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर खुशी जताते हुए कहा कि यह संस्थान महिलाओं को समान अवसर देने और उनके विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने महिलाओं की उपलब्धियों और उनके समक्ष आने वाली चुनौतियों को बताया। कार्यक्रम में समाजसेवी और सदस्य बरेका यौन उत्पीड़न समिति जागृति राही ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना तब तक पूर्ण नहीं हो सकती जब तक महिलाएँ हर क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका में नहीं आएंगी। उनका मानना है कि आजादी की लड़ाई में महिलाओं का भी उतना ही योगदान है जितना की पुरुषों का।
बरेका केंद्रीय चिकित्सालय में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रेक्षा पाण्डेय ने कहा कि आज की महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। वह जो ठान लेती हैं, उसे कर दिखाने की क्षमता भी रखती हैं। कार्यक्रम में बरेका से सेवानिवृत्त होने वाली महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही, विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं, जिनमें महिलाओं के संघर्ष और सफलता की कहानियों को समूह नृत्य, शिक्षाप्रद नाटक, गायन और कविता पाठ के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी